दरअसल मस्तान अपने कमाए हुए रुपयों को चिल्लर बाबा के पास रखवाता था। घटना वाले दिन उसने शराब पीने के लिए अपने कुछ रुपये मांगे, लेकिन बाबा ने रुपये देने से मना कर दिया। उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज भी की। गुस्से में आरोपी ने सोते समय वारदात को अंजाम दिया। कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल लाठी, खून से सने कपड़े और आरोपी का आधार कार्ड बरामद किया है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि शुक्रवार को निगम बोध घाट के पीछे पहाड़ी घाट पर एक बुजुर्ग का शव बरामद हुआ था। छानबीन के दौरान मृतक की शिनाख्त चिल्लर बाबा के रूप में हुई। चिल्लर बाबा निगम बोध घाट पर चाय की दुकान चलाता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन की।
पता चला कि जिस रात चिल्लर बाबा की हत्या हुई, उस रात मस्तान यमुना खादर में घूम रहा था। पुलिस ने करीब 30 लोगों से पूछताछ की। छानबीन के बाद आरोपी मस्तान को पकड़ लिया गया। उसने पूछताछ के दौरान चिल्लर बाबा की हत्या की बात कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि वह चिल्लर बाबा को पिछले कई सालों से जानता था। वह खुद अंतिम संस्कार करने आए लोगों की मदद करता था। इसके बदले लोग उसे पैसे दे दिए करते थे। इन रुपयों को वह चिल्लर बाबा के पास रखवाता था। घटना वाले दिन वह बाबा से रुपये मांग रहा था। इस दौरान बाबा ने उसे गाली दे दी। इसके बाद उसने बाबा की हत्या की योजना बना ली।