दिल्ली की उत्तर पश्चिम जिला स्पेशल स्टाफ पुलिस ने असम से नाबालिग लड़कियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दिल्ली लाकर उनके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को सरिता विहार मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ दो नाबालिग लड़कियों ने नेताजी सुभाष प्लेस थाने में मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने आरोपी को घटना के आठ साल बाद गिरफ्तार किया है। अदालत ने दोनों ही मामलों में आरोपी को भगोड़ा करार दिया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर जांच में जुटी है।
जिला पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने बताया कि आरोपी की पहचान मूलत: बिहार निवासी ब्रह्म देव चौधरी के रूप में हुई है। वह फिलहाल हरियाणा के फरीदाबाद के सूर्या विहार में रह रहा था। वर्ष 2014 में असम की रहने वाली 13 साल की लड़की ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया था। जांच में पता चला कि आरोपी दिल्ली में प्लेसमेंट एजेंसी चलाता था।