मामला बिंदापुर इलाके का है। यहां दो भाईयों ने सिर्फ इसलिए एक युवक को चाकू से गोद दिया क्योंकि उसने पुलिस के सामने बयान दिया था। दरअसल, कुछ दिनों पहले युवक ने उन दोनों भाईयों के खिलाफ पुलिस में बयान दिया था।
बिंदापुर में पुलिस के सामने एक मामले में बयान देने से नाराज दो भाइयों ने एक युवक के पेट में चाकू गोद दिया। घायल की पहचान लक्की के रूप में हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी कासिम को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी भूरा की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
लक्की उत्तम नगर के विजय विहार में रहता है। वह जनकपुरी स्थित जिम में हेल्पर है। लक्की ने बताया कि मंगलवार रात वह पत्नी को ससुराल से लेकर स्कूटी से घर जा रहा था। जेजे कॉलोनी पंखा रोड के पास इलाके में रहने वाला कासिम और उसकी बुआ के बेटा भूरा ने उन्हें रोक लिया। कासिम और भूरा ने एक साल पहले अपने एक दोस्त को चाकू मारकर घायल कर दिया था। यह घटना उनके सामने हुई थी। उसने पुलिस के सामने दोनों भाइयों के वारदात में शामिल होने की बात कही थी। इसी बात को लेकर दोनों उससे रंजिश रख रहे थे।