उत्तरी-दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में 12 साल की किशोरी के साथ नाबालिग लड़के ने दुष्कर्म किया। कई माह बीतने के बाद जब किशोरी के पेट में दर्द हुआ तो पता चला कि वह कई माह की गर्भवती है। यह जान परिवार के होश उड़ गए और उन्होंने फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी। किशोरी की काउंसलिंग कराने के बाद उसके बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी पीड़ित परिवार का करीबी रिश्तेदार है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। जांच में सामने आया है कि उसने एक शादी समारोह के दौरान वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक एक महिला ने सब्जी मंडी थाने आकर अपनी बेटी के साथ हुए दुष्कर्म की सूचना पुलिस को दी। अपने बयान में महिला ने बताया कि परिवार सब्जी मंडी इलाके में रहता है। नवंबर महीने में परिवार में एक शादी थी। रिश्तेदार व घर के बाकी करीबी लोग घर पर मौजूद थे। इस दौरान उनके करीबी रिश्तेदार के 16 वर्षीय बेटे ने उनकी बेटी के साथ वारदात को अंजाम दिया। किसी को कुछ भी बताने पर उसने किशोरी को जान से मारने की धमकी भी दी।