प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। दिल्ली का पालम केंद्र में दिन का तापमान सबसे कम 21.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि लोधी रोड में रात का तापमान सबसे कम 8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं एनसीआर की बात करें तो गुरुग्राम में दिन का तापमान सबसे कम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिल्ली में 8 से 18 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर, उत्तर-पश्चिमी दिशाओं से ठंडी हवा चली। सोमवार को भी इसी दिशाओं से ठंडी हवा चलने की उम्मीद है। संभावना है कि ठंडी हवा के कारण तापमान में गिरावट हो सकती है। सोमवार को दिन में आसमान साफ रहेगा। सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 डिग्री व न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 16 दिसंबर तक सुबह के समय मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट का अनुमान है।
तापमान में साथ बढ़ेगा वारयल
दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ने के साथ वायरल की समस्या बढ़ेगी। डॉक्टरों का कहना है कि इस दौरान छोटे बच्चे, बुजुर्ग, दिल और सांस के मरीजों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। इसके अलावा इस मौसम में ब्रेन स्ट्रोक के मामले में तेजी से बढ़ते हैं। ऐसे में जिन लोगों को ठंड में दिक्कत होती है वह दिन में पारा गर्म होने के बाद ही घर से बाहर निकले। साथ ही सर्दी से बचे।
डॉक्टरों का कहना है कि बीते दिनों वायरल के मामले तेजी से बढ़े थे। अस्पतालों में आने वाले मरीजों की संख्या भी 20 फीसदी तक बढ़ गई थी। ऐसे में संभावना है कि वायरल, खांसी जुखाम, बुखार, सिर में दर्द, हड्डयों में दर्द सहित अन्य की आशंका बढ़ सकती है। मौसम में बदलाव छोटे बच्चों को यह ज्यादा प्रभावित कर सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि तापमान गिरने का सबसे ज्यादा असर सुबह और शाम में देखने को मिलता है। इस दौरान पूरे शरीर ढकने वाले कपड़े पहने। बेहतर है कि सुबह में और शाम में टोपी जरूर पहनें और अपने कानों को ढकें। खाने में गर्म खाद्य पदार्थ का ही सेवन करें।