दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में मरीज को छोड़ने गई एंबुलेंस को वहां बंद कर दिया गया। एंबुलेंस सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल की है। अस्पताल प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। बताया गया है कि एंबुलेंस में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ न होने के कारण एंबुलेंस को बंद किया गया है।
एंबुलेंस चालक रितेश ने बताया कि बुधवार रात इमरजेंसी डॉक्टर ने एक महिला मरीज को रेफर किया था। मरीज को लेकर एंबुलेंस दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल पहुंची, जहां बताया गया कि दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री दौरे पर हैं। पुलिस केस होने के कारण एंबुलेंस में दो पुलिसकर्मी भी थे।'
अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर (सीएमओ) ने मंत्री को बताया कि बिना डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ के नोएडा के सरकारी अस्पताल की एंबुलेंस मरीजों को यहां ले आती है और गंभीर हालत में होने के कारण मरीज की जान बचानी मुश्किल हो जाती है।
इस पर मंत्री ने नाराजगी जताई और कहा कि एंबुलेंस में मेडिकल स्टाफ का होना जरूरी है। चालक ने बताया कि उनके निर्देश पर सीएमओ ने एंबुलेंस की चाबी ले ली। जिला अस्पताल के अधिकारियों से संपर्क करने की बात कहकर उसे वहां से वापस भेज दिया।
इस मामले में कार्यवाहक सीएमएस डॉ. वंदना शर्मा का कहना है कि मामले की जानकारी उन्हें मिली है। एलएनजेपी अस्पताल प्रशासन से बात की जाएगी।