भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक शनिवार को हवा दक्षिण-पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चली। इस दौरान हवा की गति छह से 16 किलोमीटर प्रतिघंटे रही। रविवार को हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने का अनुमान है। हवा की गति आठ से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे रहने के आसार है। वहीं, सुबह के समय धुंध व कोहरा छाने की आशंका है। ऐसे में हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी रहेगी। सोमवार को हवा पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चलेगी।
27 इलाकों में बेहद खराब श्रेणी में रही हवा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक दिल्ली में शनिवार को 27 इलाकों में हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। इनमें नेहरू नगर में 376, बवाना में 368, विवेक विहार में 366, जहांगीरपुरी में 365, मुंडका में 356 व अशोक विहार में 353 सूचकांक दर्ज किया गया। साथ ही, छह इलाकों में हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। यहां आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल 3 में 295, श्री अरबिंदो मार्ग में 283, नजफगढ़ में 278, मथुरा रोड़ में 266 व दिलशाद गार्डन में 237 सूचकांक दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी है।