दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया
- फोटो : ANI
विस्थापित कश्मीरी पंडितों को दिल्ली सरकार मुफ्त में बिजली कनेक्शन उपलब्ध करवाएगी। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को बीएसईएस व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ बैठक में यह निर्णय लिया।
सिसोदिया ने अधिकारियों को आईएनए मार्केट में पावर ट्रांसफर्मर लगाने के लिए चयनित स्थान का तुरंत निरीक्षण करने व एक महीने के भीतर सभी कश्मीरी पंडितों की दुकानों में बिजली का कनेक्शन लगाने के निर्देश दिए। बैठक में दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष व ग्रेटर कैलाश के विधायक सौरभ भारद्वाज भी शामिल रहे।
दिल्ली के आईएनए मार्केट में कश्मीरी पंडितों की 100 से अधिक दुकानें हैं। इन दुकानों में बिजली का कोई स्थायी समाधान नहीं होने के कारण दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस परेशानी को लेकर पिछले दिनों दुकानदार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिले थे। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने तुरंत इस मामले का संज्ञान लेने को कहा था।
उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने उनकी आईएनए स्थित दुकानों में बिजली का कनेक्शन लगाने के लिए कार्य करना शुरू कर दिया है और एक महीने के भीतर यहां बिजली का कनेक्शन लगाने का काम पूरा हो जाएगा। दुकानदारों से किसी प्रकार का चार्ज या फीस नहीं वसूला जाएगा और पूरा खर्च दिल्ली सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।