पूछताछ में सन्नी ने बताया कि पबजी गेम खेलने के दौरान शिकायतकर्ता की बहन ज्योति से उसकी दोस्ती हुई थी। दोनों को रुपये की जरूरत थी। ज्योति ने ही उसे बहन के घर में पचास हजार रुपये होने की बात कहकर लूटपाट की साजिश रची थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने ज्योति(21) को गिरफ्तार कर लिया।
जांच पड़ताल करने पर पता चला कि ज्योति को पबजी गेम और नशे की लत है। जिसको पूरा करने के लिए उसने सन्नी और सैफ के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची। पुलिस ने सन्नी के पास से खिलौने की पिस्टल बरामद की है।
दोनों आरोपियों ने बेरोजगार होने के नाते वारदात को दिया अंजाम
पुलिस ने बताया कि सन्नी तीन साल से नारायणा स्थित एक प्रिटिंग प्रेस में काम करता था। हाल के लॉकडाउन के दौरान प्रिंटिंग प्रेस बंद हो गया। पबजी गेम खेलने के दौरान चार पांच माह पहले उसकी ज्योति से दोस्ती हुई थी। पुलिस ने बताया कि ज्योति अपनी मां और दो छोटी बहन के साथ राजापुरी इलाके में रहती है। उसके भाई और दो बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। सभी अपने परिवार के साथ रहते हैं। जिसमें शिकायत करने वाली उसकी बहन शामिल है। ज्योति पुरानी कार विक्रेता के यहां काम करती थी। जहां उसे पांच हजार रुपये मिलते थे। फिलहाल वह बेरोजगार है। पबजी और नशे की लत की वजह से उसे पैसों की जरूरत थी और उसने यह बात सन्नी और सैफ को बताई और अपनी बहन के घर ही लूटपाट की साजिश रची।