गैंगवार में मारे गए दोनों बदमाशों का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा। मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया जा सकता है। सोमवार दोपहर विकास के परिजनों ने झज्जर से डीडीयू अस्पताल पहुंचकर उसके शव की शिनाख्त की। रविवार को ही नवादा के रहने वाले दूसरे बदमाश प्रवीण की उसके परिवार वालों ने शिनाख्त कर ली थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक बदमाश की मौत दिल्ली पुलिस के सिपाही की गोली से हुई है। नियमों के मुताबिक उसके शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से करवाया जाएगा। इसके अलावा पुलिस ने दूसरे बदमाश के शव का भी पोस्टमार्टम पैनल से कराने का फैसला किया है।
चिकित्सकों का पैनल करेगा पोस्टमार्टम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान विकास और प्रवीण के परिवार वालों से पूछताछ की गई। दोनों से हत्या के कारणों के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कारणों के बारे में जानकारी से इंकार कर दिया। बताया जा रहा है कि मोहन गार्डन स्थित एक प्लॉट के झगड़े को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया है। घरवालों का कहना है कि ऐसे किसी प्लॉट के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। विकास के घरवालों ने बताया कि उनका लंबे समय से विकास से संपर्क नहीं हुआ था। वहीं, प्रवीण के परिजनों ने बताया कि वह किसी को कुछ बताए बगैर रविवार दोपहर घर से निकला था।
प्रवीण पर कई मामले दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रवीण पर हत्या के कई मामले दर्ज हैं। गत मार्च माह में वह तिहाड़ जेल से जमानत पर बाहर आया था। प्रवीण मंजीत महाल गैंग का फाइनेंसर था, जबकि विकास भी पहले मंजीत महाल के गैंग से जुड़ा था। अनबन होने के बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ दूसरे गैंग में शामिल हो गया था।