दिल्ली के बाहरी और पश्चिमी इलाकों में स्थित चार स्कूल नए सत्र से अब दो की जगह एकल पाली में चलेंगे। दूसरी पाली के लिए स्कूल प्रशासन को नए बिल्डिंग ब्लॉक में स्कूल को स्थानांतरित करना होगा। इस संबंध में दिल्ली सरकार की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है।
विज्ञापन
आदेश के मुताबिक, खेड़ा खुर्द स्थित सर्वोदय बाल व कन्या विद्यालय, राजौरी गार्डन स्थित सर्वोदय कन्या व बाल विद्यालय, रणहौला स्थित सर्वोदय कन्या व बाल विद्यालय और सुल्तानपुरी रोड स्थित सर्वोदय कन्या और बाल विद्यालय की दो पालियों को एकल पालियों में स्थानांतिरत किया जाएगा।
इसके लिए निदेशालय की ओर से स्कूल में एक दीवार बनाने का निर्देश भी दिया गया है। साथ ही दोनों स्कूलों के लिए अलग से प्रवेश और निकासी की व्यवस्था और छात्र और छात्राओं के स्कूल के समय में आधे घंटे का अंतर रखने का भी निर्देश है, जिससे एक ही समय पर स्कूल के आसपास छात्रों की अधिक भीड़ इकट्ठा न हो सके। एक अप्रैल से इसे लेकर ऑनलाइन बदलाव भी प्रक्रिया में होगा।