दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की आवासीय योजना-2019 के ड्रॉ में निकला फ्लैट अगर आपको पसंद नहीं आ रहे हैं तो उन्हें आप वापस लौटा सकते हैं। लौटाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यह आवेदन बुधवार से शुरू हो गए हैं।
ऐसा पहली बार हो रहा है जब फ्लैट लौटाने और आवंटन रद्द करने की प्रक्रिया ऑनलाइन की जा रही है। गौरतलब है कि दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की आवासीय योजना- 2019 के तहत 18 हजार फ्लैट के लिए आवेदन मांगे गए थे। लेकिन आवेदकों की संख्या उम्मीद से कम होने के कारण डीडीए ने 10294 फ्लैट के लिए ड्रा निकालने का फैसला लिया।
हालांकि 23 जुलाई को महज 8,438 फ्लैट का ही ड्रा निकला। बीते मार्च में आई इस योजना के लिए करीब 45 हजार लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। पहली बार डीडीए की इस ऑनलाइन योजना के लिए हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस एस एन अग्रवाल, आईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर अंशुल कुमार और एनआईसी के डिप्टी डीजी विष्णु चंद की मौजूदगी में ड्रॉ निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई।