उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में दिल्ली पुलिस में हवलदार की नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित बलराम (55) से उनके बेटे की नौकरी लगवाने के नाम पर अग्रिम के तौर पर 3.50 लाख रुपये ले लिए।
विज्ञापन
बलराम की शिकायत पर पुलिस ने छानबीन के बाद सुनील कुमार त्यागी व एक अन्य सुनील त्यागी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों ने पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए पहले उसे मिलने के लिए चांदनी महल थाने के स्टाफ क्वार्टर में बुलाया था। इसके अलावा पुरानी पुलिस मुख्यालय के बाहर भी आरोपी बलराम को ले गए थे।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित बलराम परिवार के साथ सभापुर गांव में रहता था। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2011 से 2015 के बीच वह कृष्णा गली मौजपुर में सुनील कुमार त्यागी नामक व्यक्ति के पास नौकरी करते थे। इस दौरान उनके बेटे जयदेव ने दिल्ली पुलिस में हवलदार की नौकरी के लिए आवेदन किया था। सुनील कुमार को इसका पता चला तो उन्होंने जयदेव की नौकरी लगवाने की बात की।
विज्ञापन
सुनील ने बताया कि उनका दोस्त सुनील त्यागी दिल्ली पुलिस में है। वह रुपये लेकर नौकरी लगवा देगा। सुनील के कहने पर वह उसके झांसे में आ गए। आरोपी बलराम को सुनील त्यागी से मिलवाने के लिए चांदनी महल थाने के स्टाफ क्वार्टर में ले गया। वहां से आरोपी सुनील त्यागी बलराम को दरियागंज स्थित अपने दूसरे दफ्तर ले आए। यहां बातचीत के बाद सात लाख रुपये में नौकरी लगवाने की बात की।