बदरपुर स्थित केंद्रीय विद्यालय की सातवीं कक्षा के छात्र ने अपने दोस्त के साथ मिलकर सहपाठी की पीठ पर ब्लेड से हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया।
घायल छात्र को 35 टांके लगे हैं। दोनों के बीच सीट पर बैठने को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दोनों छात्र सातवीं कक्षा में पढ़ते हैं। शुक्रवार को दोनों के बीच कक्षा में सीट पर बैठने को लेकर झगड़ा हो गया।
आरोपी छात्र ने पीड़ित छात्र को सीट से हटने के लिए कहा। पीड़ित छात्र ने सीट से उठने से मना कर दिया। इससे गुस्साए छात्र ने उसे धमकी दी और कहा कि अगर वह सीट से नहीं उठेगा, तो उस पर ब्लेड से हमला कर देगा।
लंच ब्रेक होने के बाद छात्र बाथरूम में पहुंचे। पीड़ित छात्र को बाथरूम में देखकर आरोपी छात्र ने अपने एक सहपाठी की मदद से उसे पकड़ लिया और उसकी पीठ पर ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर फरार हो गया।