दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन का 8.10 किमी लंबा दूसरा सेक्शन दुर्गाबाई देशमुख से लाजपत नगर यात्रियों के लिए जल्द ही खुलने वाला है। सेक्शन के सुरक्षा मानकों का परीक्षण मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त द्वारा किया जाएगा।
सुरक्षा परीक्षण में सफल होने पर इस सेक्शन को हरी झंडी मिलेगी, जिसके बाद साउथ दिल्ली के लोगों के लिए मेट्रो का नया रूट खोल दिया जाएगा।
पिंक लाइन पर मजलिस पार्क-शिव विहार कॉरिडोर पर दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस से लाजपत नगर सेक्शन पर हाल ही में ट्रायल पूरा हुआ है, जिसके बाद से सेक्शन के सुरक्षा परीक्षण का इंतजार किया जा रहा था।
कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद अब मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त 23 जुलाई को इस सेक्शन पर सुरक्षा मानकों का परीक्षण करेंगे। इस परीक्षण में सेक्शन से जुड़े सभी तकनीकी मानदंडों की परख होगी।
आयुक्त द्वारा सेक्शन को हरी झंडी दिखाए जाने के बाद सेक्शन पर मेट्रो के दौड़ाने का दिन निर्धारित होता। अनुमानित तौर पर सुरक्षा परीक्षण के दो सप्ताह के भीतर सेक्शन पर मेट्रो सेवा शुरू कर दी जाती है।