दिल्ली के सभी जिले रेड जोन घोषित
- फोटो : पीटीआई
दिल्ली के सभी 11 जिले रेड जोन घोषित हैं। रेड जोन के कारण इन इलाकों में व्यापारी दुकान नहीं खोल पा रहे हैं। खान मार्केट व्यापार महासंघ के अध्यक्ष संजीव मेहरा का कहना है कि खान मार्केट थाना इलाके में कोई भी कोरोना संक्रमित नहीं है, फिर भी इस इलाके को सरकार ने रेड जोन घोषित कर दिया है।
उन्होंने कहा कि मार्केट में इलेक्ट्रिक और किताबों की दुकानों को भी खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। उनकी मांग है कि खान मार्केट की कुछ दुकानों को खोलने की अनुमति दी जाए।
इन उपायों से खोली जा सकती हैं दुकानें
संजीव मेहरा का कहना है कि उन्होंने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर दुकानों को खोलने के दो तरीके बताए हैं, जो व्यवहारिक हैं। पहला तरीका ऑड-ईवन होगा, जिसके तहत एक दिन ऑड नंबर की दुकानें खुलेंगी और दूसरे दिन ईवन नंबर की दुकानें। दूसरा तरीका है कि बाजार के दोनों गेटों पर सैनिटाइजेशन टनल की व्यवस्था की जाएगी।
वार्ड स्तर पर कोरोना के मामलों को वर्गीकृत करने की योजना
वहीं केजरीवाल सरकार ने कहा है कि पूरी दिल्ली को रेड जोन घोषित करना ठीक नहीं है। दिल्ली सरकार जिले नहीं, बल्कि वार्ड स्तर पर कोरोना के मामलों को वर्गीकृत करने की योजना बना रही है। सूत्रों ने बताया कि क्रियान्वयन से पहले इस योजना को मंजूरी के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के पास भेजा जाएगा।