दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों को चुनाव चिह्न मिलने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। सभी विधानसभा सीट पर एक ही सिंबल की मांग को लेकर कुछ राजनीतिक दलों ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में शिकायत दी थी। इसकी जांच के बाद कार्यालय की ओर से पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को चुनाव चिह्न जारी करना शुरू कर दिया है।
दिल्ली की सभी विधानसभा सीटों में ये मान्य होंगे। रिजर्वेशन एंड एलॉटमेंट ऑर्डर 1968 के पैरा 10 के तहत राष्ट्रीय जन मंच (दल) को छड़ी, लोक निर्माण दल को दूरबीन, अमन समाज पार्टी को हेलमेट, नेशनलिस्ट तृणमूल कांग्रेस को सेब, ऑल इंडिया जनादेश पार्टी को आड़ी और लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी को प्रेशर कुकर चुनाव चिह्न मिला है। इसके अलावा वसुधैव कुटुंब पार्टी को द्वारका, रिठाला, किराड़ी और उत्तम नगर के लिए लेटर बॉक्स चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है।