दिल्ली में तेजी से बदलते हालात के बीच बुधवार को दो बड़ी घटनाएं हुईं। सबसे पहले चुनाव आयोग ने 25 नवंबर को दिल्ली विधान सभा के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए जारी अपनी अधिसूचना वापस ली और कुछ देर बाद ही राष्ट्रपति ने दिल्ली विधान सभा को भंग करने के लिए एलजी नजीब जंग की सिफारिश को भी हरी झंडी दिखा दी।
बता दें कि दिल्ली विधान सभा की तीन सीटें लोकसभा चुनाव के बाद खाली हुई थी। ये तीनों ही सीटें भाजपा के खाते में थीं। कुछ दिन पहले ही चुनाव आयोग ने विधान सभा की खाली हुई इन सीटों के लिए उपचुनाव की घोषणा की थी।
दिल्ली के तुगलकाबाद, कृष्णानगर और मेहरौली की खाली हुई विधान सभा की सीटों के लिए 25 नवंबर को चुनाव होने थे। इससे पहले दिल्ली में राजनीतिक हालात तेजी से बदले और दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग ने मंगलवार को राष्ट्रपति को विधान सभा भंग करने की सिफारिश कर दी।