दिल्ली विधानसभा में आप विधायकों का प्रदर्शन
- फोटो : वीडियो ग्रैब
दिल्ली में विधानसभा का बजट सत्र जारी है। इस दौरान सोमवार को 15 मिनट के लिए विधानसभा को उस वक्त स्थगित करना पड़ा जब आप विधायक वेल में आकर भाजपा के दिल्ली अध्यक्ष आदेश गुप्ता के से माफी की मांग करने लगे। दरअसल उनका आरोप है कि आदेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है जिसके लिए उन्हें अरविंद केजरीवाल से माफी मांगनी चाहिए। यही नहीं आदेश गुप्ता के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी सदन में लाया गया।
आप विधायक लाए निंदा प्रस्ताव
जैसे ही सोमवार सुबह विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई, आप विधायक मोहिंदर गोयल ने आदेश गुप्ता से मांग की कि वह केजरीवाल से माफी मांगें और उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी ले आए। गोयल ने कहा कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के खिलाफ सदन में निंदा प्रस्ताव लाने की जरूरत है क्योंकि उन्होंने सीएम केजरीवाल के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है। विपक्ष के नेता को माफी मांगनी चाहिए।
यह मांग करते ही धीरे-धीरे आप विधायक सदन के वेल में उतर आए और वहीं बैठक भाजपा के खिलाफ नारे लगाने लगे। विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने मोहिंदर गोयल से लिखित में शिकायत मांगी और आप विधायकों की नारेबाजी के बीच 15 मिनट के लिए सदन स्थगित कर दिया।
सदन वापस चलने पर तीन भाजपा किए निलंबित, निंदा प्रस्ताव पारित
सदन जब वापस शुरू हुआ तो भाजपा विधायकों के हंगामे के चलते उन्हें सदन से निलंबित कर दिया गया। विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने हंगामे के बीच भाजपा के तीन विधायकों अनिल बाजपेयी, जितेंद्र महाजन और अजय महावर को कुछ देर के लिए निलंबित कर दिया। इसके बाद सदन में लाए गए निंदा प्रस्ताव को स्पीकर ने पारित कर दिया। इसके बाद सदन एक बार फिर 15 मिनट के लिए स्थगित की गई।
आप विधायक ने कहा- केजरीवाल के खिलाफ जो टिप्पणी की वो सिर कलम करने लायक
आप विधायक मोहिंदर गोयल ने कहा कि आदेश गुप्ता के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाते वक्त कहा कि उनकी टिप्पणी सिर कलम करने लायक है। उन्हें मुख्यमंत्री जी से माफी मांगनी चाहिए। अगर उन्होंने जैसी टिप्पणी की वैसी भाजपा के किसी मुख्यमंत्री के खिलाफ करके देखें।
रामवीर बिधूड़ी ने कहा अगर आरोप सत्य होंगे तो मांगूंगा माफी
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर बिधूड़ी ने कहा कि अगर किसी ने भी किसी आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया है, तो मैं उसकी निंदा करता हूं। अगर आदेश गुप्ता के खिलाफ लगे आरोपों में थोड़ी भी सच्चाई होगी, तो मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री से हाथ जोड़कर माफी मांगूंगा। बाद में विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने तीनों भाजपा विधायकों को कार्यवाही में शामिल होने की अनुमति दे दी।