फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आसमान में घुलने लगा जहर: दशहरे पर आतिशबाजी से खराब श्रेणी में पहुंची दिल्ली की हवा, 224 दर्ज किया गया एक्यूआई

Sun, 13 Oct 2024 09:24 PM IST
श्याम जी. अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

आतिशबाजी से रविवार को हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 224 दर्ज किया गया।
 
विज्ञापन
दिल्ली में बढ़ा वायु प्रदूषण - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रीय राजधानी में दशहरे पर आतिशबाजी से रविवार को हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 224 दर्ज किया गया। यह इस माह का सबसे अधिक एक्यूआई है। हवा आठ किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चली। इससे भी प्रदूषण पर असर पड़ा। सीपीसीबी ने भी सोमवार से गुणवत्ता में और सुधार की संभावना जताई है।

विज्ञापन


सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, अगर हम बीते एक हफ्ते के एक्यूआई की तुलना करते हैं तो सोमवार को यह सबसे 126 रहा। मंगलवार और बुधवार को इसमें वृद्धि हुई और यह क्रमश: 167 और 164 दर्ज किया गया। लेकिन बृहस्पतिवार को एक्यूआई में फिर गिरावट दर्ज की गई और यह 132 पर आ गया। इसके बाद शुक्रवार को यह 141 और शनिवार को 155 दर्ज किया गया।

भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, वायु प्रदूषण में आतिशबाजी के धुएं के अलावा पराली के धुएं की हिस्सेदारी 0.442 फीसदी रही। वहीं, खुले में कूड़ा जलाने से होने वाले धुएं की हिस्सेदारी 1.896 फीसदी दर्ज की गई। एनसीआर में फरीदाबाद (177) और गुरुग्राम (169) को छोड़कर गाजियाबाद (265), ग्रेटर नोएडा (228) और नोएडा की हवा एक्यूआई 243 के साथ खराब श्रेणी में रही।
विज्ञापन


न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई इलाकों में न्यूनतम तमपान 16 डिग्री तक आ गया था। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जल्द ही दिन के तापमान में भी कमी आएगी। सोमवार अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

ग्रैप 1 लागू करने पर फैसला अभी नहीं
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ग्रैप पर उप-समिति ने एक्यूआई में वृद्धि के कारणों की समीक्षा की। मौसम विभाग और आईआईटीएम की तरफ से आगे के वायु गुणवत्ता सूचकांक को लेकर जारी पूर्वानुमानों पर भी गौर किया। इसमें एक्यूआई में धीरे-धीरे सुधार होने का पूर्वानुमान जताया गया है। उपसमिति ने यह भी पाया कि रविवार शाम पांच बजे एक्यूआई में कुछ कमी आई और यह 222 दर्ज किया गया। इसको देखते हुए उपसमिति ने सर्वसम्मति से वायु प्रदूषण को कम करने के लिए ग्रैप के पहले चरण को लागू करने से पहले स्थिति पर बारीकी से नजर रखने का फैसला किया।
विज्ञापन


दशहरे पर कब कितना रहा एक्यूआई
2023-----243 (25 अक्तूबर)
2022-----79 (06 अक्तूबर)
2021-----284 (16 अक्तूबर)
2020-----353 (26 अक्तूबर)
2019-----112 (09 अक्तूबर)
2018-----326 (20 अक्तूबर)
2017-----196 (01 अक्तूबर)
2016-----223 (12 अक्तूबर)
2015-----292 (23 अक्तूबर)

(नोट: यह आंकड़े सीपीसीबी के अनुसार हैं)

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें