दिल्ली प्रशासन ने प्रदूषण से निपटने के लिए कई तरह के प्रयास किए हैं, जिसमें निर्माण कार्य को रोकने सहित यातायात संबंधी गतिविधियों पर नियंत्रण लगाना शामिल है। खुदाई समेत दिल्ली में सभी तरह के निर्माण कार्यों को रोक दिया गया है।
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के जिलों में नागरिक निर्माण कार्य भी रोक दिए गए हैं। धूल को बढ़ाने वाले कामों जैसे पत्थरों को तोड़ने वाले कार्य और मिश्रण बनाने के कार्यों पर भी रोक है।
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) ने यातायात विभाग और यातायात पुलिस को निर्देश दिया है कि वह 1-10 नवंबर के बीच प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की जांच करें और यातायात की भीड़ को नियंत्रित करें।
प्रदूषण गतिविधियों की निगरानी रखने, तत्काल कार्रवाई करने के लिए 1-10 नवंबर तक ‘क्लीन एयर कैंपेन’ चलाया जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर में इस अभियान के तहत शुक्रवार और शनिवार को नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 80 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बताया कि 465 शिकायतों के आधार पर सिर्फ शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में 52 टीमों ने 41,82,500 रुपये जुर्माना वसूला।