तकलीफ के लिए दिल्लीवासियों से किसानों ने मांगी माफी
बलवीर सिंह राजेवाल ने इस मौके पर कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर मोर्चे को चलाना हमारा मजबूरी थी। इस कारण दिल्ली के लोगों को जो तकलीफें हुईं उसके लिए संयुक्त किसान मोर्चे की तरफ से हम माफी मांगते हैं। दिल्ली की संगत और आस-पास के ग्रामीणों ने मोर्चे के लिए जितना योगदान किया, उसे दुनिया हमेशा याद रखेगी।
सरकार को भी आना गुरु की शरण में
किसान नेता राकेश टिकैत ने भी दिल्ली की संगत और दिल्ली कमेटी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोर्चे में स्थानीय लोगों सहित दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी सहित सभी गुरुधाम का योगदान रंहा। खाप पंचायत, डाक्टरों, अस्पतालों के साथ ही सफाई कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग मिला। जो लोग अपने गांव, घर और खेत छोड़कर पहुंचे, उन्हें कभी नहीं भूल सकते। आंदोलन गुरु साहिब की रहमत के कारण सफल हुआ है। सरकार को भी मोर्चा समाप्त करवाने के लिए गुरु की शरण में आना पड़ा और गुरुपर्व वाले दिन काले कानून समाप्त करने का एलान हुआ।
300 साल से टूटी डोर मोर्चे की बदौलत फिर जुड़ी
राकेश टिकैत ने कहा कि मोर्चे की बदौलत 300 वर्ष से टूटी हुई डोर फिर से जुड़ गई है। अंग्रेजों के समय अलग-अलग राज्यों के लोगों के आपसी भाईचारे की डोर टूटती चली गई, मगर अब दोबारा मोर्चे की बदौलत जुड़ गई है। महेंद्र सिंह टिकैत कहते थे कि पंजाब अगुवाई करेगा, हरियाणा साथ होगा और दिल्ली के 300 किलोमीटर के घेरे के लोग एकजुट होंगे। वह समय आया और सफलता भी मिली। गांव में बच्चे भी इस बात को लेकर सुदृढ़ थे कि जीत कर ही वापस लौटेंगे। कई तरह के आरोप लगे मगर हौंसला नहीं छोड़ा।
किसान नेता मनजीत सिंह राय समेत दूसरे किसान नेताओं ने भी इस मौके पर अपने विचार रखे। समागम में बीबी रणजीत कौर व अमरजीत सिंह पप्पू ने बलबीर सिंह राजेवाल को सिरोपा भेंट किया जबकि अमरजीत सिंह पिंकी व भुपिंदर सिंह भुल्लर ने राकेश टिकैत का सम्मानित किया। इस मौके पर रमिंदर सिंह स्वीटा, भुपिंदर सिंह गिन्नी, विक्रम सिंह रोहिणी, रमनजोत सिंह, गुरदेव सिंह, आत्मा सिंह लुबाणा, भुपिंदर सिंह गिन्नी, गुरप्रीत सिंह जस्सा, सुखविंदर सिंह बब्बर, मंजीत सिंह औलख, जुझार सिंह, ओंकार सिंह राजा, जतिंदरपाल सिंह गोल्डी भी उपस्थित रहे।