दिवाली पर लांच हुई जीडीए की स्कीम में अब मैनुअली आवेदन भी किया जा सकेगा। जीडीए ने दिवाली पर लांच बिल्डर प्रोजेक्ट्स में सस्ते फ्लैट्स और इंदिरापुरम फ्लैट्स की स्कीम में फार्म के जरिए आवेदन की पुरानी व्यवस्था बहाल कर दी है।
पांच दिसंबर से योजना के आवेदन फार्म आईसीआईसीआई बैंक की दिल्ली-एनसीआर के सभी शाखाओं से मिलने लगेंगे। साथ ही ऑनलाइन आवेदन का भी विकल्प रहेगा।
डीडीए स्कीम के असफल आवेदकों को आकर्षित करने का कोई मौका जीडीए नहीं छोड़ना चाहता है। यही वजह है कि जीडीए ने बिल्डर प्रोजेक्ट्स में 2000 ईडब्ल्यूएस-एलआईजी फ्लैट्स और इंदिरापुरम में विभिन्न श्रेणियों वाले 370 फ्लैट्स की योजना में आवेदन की लास्ट डेट 30 नवंबर से बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी।
साथ ही मैनुअल फार्म भरने की व्यवस्था भी कर दी है। सिर्फ ऑनलाइन आवेदन की बाध्यता के कारण जीडीए की योजनाओं में उम्मीद के मुताबिक आवेदन नहीं मिल रहे थे।
मैनुअली आवेदन में भी जीडीए ने दस्तावेज जमा करने से छूट दे रखी है। योजना के सफल आवेदकों को ही आय-जाति आदि प्रमाणपत्र देने होंगे।
जीडीए वीसी संतोष यादव ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से आवेदन के साथ ही लोगों ने मैनुअल व्यवस्था बहाल करने की भी मांग की थी। लोगों की सुविधा के मद्देनजर फार्म की व्यवस्था भी लागू कर दी गई है।