कॉल सेंटर चलाकर लोगों से ठगी की जा रही है। आरोपियों के बैंक खाते से पता लगा है कि आरोपी 500 से ज्यादा लोगों से ठगी कर चुके हैं। दक्षिण-पूर्व जिले की साइबर थाना पुलिस ने ठगी करने वाले इस गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने या फिर सक्रिय(चालू) करने के नाम पर ठगी करते थे।
आरोपी सिर्फ एसबीआई बैंक की क्रेडिट कार्ड के नाम पर ही जालसाजी करते थे। ऐसे में पुलिस एसबीआई बैंक के अधिकारी व कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रही है कि आरोपियों को एसबीआई बैंक के जारी होने वाले क्रेडिट कार्डों की जानकारी जालसाजों को कैसे मिल जाती थी।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार सागनिक बनर्जी ने साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप शेखावत को शिकायत दी थी कि उसके नए जारी किए गए एसबीआई क्रेडिट कार्ड को सक्रिय करने के नाम पर उससे 44878 रुपये ठग लिए गए। सागनिक बनर्जी का नया क्रेडिट कार्ड आया था।
11 जनवरी, 22 को मामला दर्जकर इंस्पेक्टर कुलदीप शेखावत की देखरेख में एसआई मनोज भास्कर व हवलदार सतेंद्र की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने उस बैंक खाते की डिटेल खंगाली जिसमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे। मोबाइल नंबर की सीडीआर भी खंगाली गई। नवादा, उत्तम नगर में स्थित उस एटीएम बूथ की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जहां से आरोपियों ने ठगी की रकम निकाली थी।