दिल्ली में तीस हजारी अदालत के गेट नंबर-एक पर बृहस्पतिवार सुबह बाबरपुर गली नंबर-एक निवासी संदीप (25) ने पेट्रोल छिड़क कर खुद को आग लगा लगी।
करीब 90 फीसदी जल चुके संदीप को लोक नायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को मौके से एक बोतल मिली है, जिसमें वह पेट्रोल लेकर आया था।
पुलिस का कहना है कि गाजीपुर डिपो में बतौर सफाई कर्मचारी संदीप अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।
खुद को आग लगाकर कोर्ट से भागा
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह 10:30 बजे सूचना मिली कि कोर्ट के गेट नंबर-एक के पास संदीप ने खुद को आग लगा ली है। इसके बाद वह कोर्ट परिसर से बाहर की ओर भागा।
इस दौरान वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से झुलसे संदीप को अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे लोकनायक अस्पताल भेज दिया गया।
जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पूछताछ में परिजनों ने कुछ भी नहीं बताया। सब्जी मंडी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्यार में नाकाम होने की वजह तो नहीं
सूत्रों के अनुसार, जांच में पुलिस को पता चला कि आग लगाने के बाद संदीप कह रहा था कि एक लड़की ने उसके प्यार को नकार दिया है। जिसकी वजह से खुदकुशी करने का फैसला किया है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि परिजनों को प्रेम संबंध के बारे में कोई जानकारी नहीं है। पुलिस अब संदीप के दोस्तों से पूछताछ करेगी। संदीप चार-पांच दिन से कोर्ट परिसर के पास ही घूम रहा था। यहां तक कि वह तीस हजारी चौकी में मौजूद पुलिसकर्मियों से रुपये लेकर चाय भी पीता था।
पुलिस को यह बात समझ में नहीं आ रही है कि संदीप घर से इतनी दूर खुदकुशी का प्रयास करने के लिए क्यों आया। अदालत में उसका न तो कोई मामला चल रहा था और न ही कुछ अन्य बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि लड़की कोर्ट के आसपास ही कहीं रहती है।
प्रेमिका ने ठुकराया तो चलाई गोलियां
उधर, बेगमपुर इलाके में एक तरफा प्यार में जब प्रेमी की दाल नहीं गली तो उसने युवती की मां के साथ बदसलूकी की। छानबीन के बाद दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने आरोपी विशाल चिकारा (22) को .32 बोर की पिस्टल के साथ दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी डीयू से ग्रेजुएशन कर रहा है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक चांद के मुताबिक विशाल बेगमपुर की एक युवती से प्रेम करता था। लेकिन युवती ने उसके प्रेम को ठुकरा दिया। इससे खफा होकर एक फरवरी 2014 को उसने साथियों के साथ मिलकर युवती की मां से बदसलूकी की।
चार फरवरी को आरोपी एक बार फिर युवती के घर पहुंचा और पिस्टल से हवा में तीन गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। मामले की शिकायत बेगमपुर थाने में की गई थी।