प्रगति मैदान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शनिवार दोपहर संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त गांव जकारा, बिजनौर, यूपी निवासी खुर्शीद अहमद (38) के रूप में हुई है। दोपहर के समय खुर्शीद अचेत अवस्था में हॉल नंबर-6 के पास मिला था।
कैट्स एंबुलेंस से उसे एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रविवार को एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हुई।
पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस के मुताबिक खुर्शीद अपने परिवार के साथ बिजनौर स्थित जकारा गांव में रहते थे। इसके परिवार में पत्नी, बच्चे व भाई हैं। शनिवार सुबह खुर्शीद नौकरी की तलाश में सराय काले खां इलाके में अपने किसी रिश्तेदार के यहां आए थे।
वहां से वह प्रगति मैदान घूमने जाने की बात कर निकल गए। इस बीच दोपहर करीब 2:30 बजे वह हॉल नंबर-6 के पास अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने कैट्स एंबुलेंस की मदद से उसे एलएनजेपी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। पुलिस ने परिवार को सूचना दी। रविवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार को सौंप दिया है। परिजनों से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।