ईएसआई अस्पताल की इमरजेंसी में फोन पर बात कर रहे डॉक्टर से इलाज के लिए बोलना दिव्यानंद शर्मा को महंगा पड़ गया। डॉक्टर ने गुस्से में आकर उसकी गार्ड्स से पिटाई करा दी। वह पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आए थे।
बाद में उन्हें पुलिस की मदद लेनी पड़ी। तब जाकर पीड़ित महिला को इलाज मिला। दिव्यानंद ने बताया कि वे मंगलवार की सुबह पत्नी खुशबू को तेज बुखार होने पर ईएसआई अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर गए। उस दौरान डॉक्टर फोन पर बात कर रहे थे।
गार्ड के कहने पर वह कुछ देर बैठ गए। तब भी 20 से 25 मिनट तक डॉक्टर फोन पर बात करते रहे। इसके बाद गार्ड के कहने वे पत्नी को लेकर अंदर चले गए। इतने पर डॉक्टर ने उल्टा सीधा बोलना शुरू कर दिया।
दिव्यानंद अपनी बात रखने की कोशिश कर रहे। फिर डॉक्टर ने गार्ड्स को बुलाकर पिटाई करवा दी। बाद में पीड़ित ने पुलिस को बुलाया तो जाकर महिला का इलाज हुआ। अस्पताल के निदेशक डॉ नीलिमा का कहना है कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। इस मामले में वो इमरजेंसी के डॉक्टर से बात करेंगी।