सेक्टर-135 की पारस सोसायटी की पांचवीं मंजिल से सोमवार रात छलांग लगाकर महिला ने जान दे दी। सोसायटी के गार्ड ने उसे पास के फेलिक्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से कानपुर के आवास विकास-1, कल्याणपुर निवासी राहुल सेक्टर-135 नोएडा स्थित पारस टेरा सोसायटी के 505 नंबर फ्लैट में किराये पर पत्नी कंचन व ढाई माह की बच्ची के साथ रह रहा था। राहुल की शादी हमीरपुर के ग्राम बथौआ निवासी कंचन से ढाई वर्ष पहले हुई थी। राहुल सेल्स एक्जीक्यूटिव है।
सोसायटी के गार्ड ने बताया कि सोमवार रात करीब 1:30 बजे किसी के गिरने की आवाज पर पहुंचे तो जमीन पर महिला घायल अवस्था में पड़ी थी। गार्डों ने तुरंत उसे पास के फेलिक्स अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस को जानकारी देने के बाद वापस आकर गार्ड ने फ्लैट में पति को इसकी सूचना दी। राहुल के फ्लैट के बगल वाले दोनों फ्लैट खाली पड़े हैं।