नेबसराय इलाके में मात्र 700 रुपये नहीं देने पर एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली युवक की जांघ में लगी है। नेबसराय थाना पुलिस ने आरोपी कमाल सैफी व वाजिद को गिरफ्तार किया लिया है।
आरोपियों के कब्जे से हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 17 मई को रात 10: 55 बजे शबनम नाम की महिला ने पुलिस को सूचना दी थी कि किसी ने उसके भाई नूर मोहम्मद उर्फ एप्पल (34) को गोली मार दी है।
नूर को बत्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में से एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। जेजे कैंप, तिगड़ी निवासी नूर मोहम्मद ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि उसे गोली देवली निवासी कमाल सैफी उर्फ कोड़ी (27) ने मारी है। कमाल ने पुलिस को बताया कि संगम विहार निवासी वाजिद हथियार लेकर आया था और उसने उसके ऊपर भी गोली चलाने का प्रयास किया था।
पुलिस टीम ने कमाल सैफी व वाजिद को इलाके से ही वारदात के 24 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक पिस्टल व एक रिवाल्वर बरामद की गई। पूछताछ में पता लगा कि कमाल सैफी को नूर मोहम्मद से 700 रुपये लेने थे। नूर मोहम्मद पैसे नहीं दे रहा था। इस कारण उसने नूर मोहम्मद को गोली मार दी थी। ब्यूरो