पूर्वी दिल्ली गाजीपुर इलाके में 13 साल की किशोरी को घर में उसका मौसा ही हवस का शिकार बना रहा था। पीड़िता के पेट में तेज दर्द हुआ तो उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां अल्ट्रासाउंड हुआ तो उसे तीन माह की गर्भवती होने का पता चला। यह जानकारी मिलते ही मौसी के होश उड़ गए।
किशोरी से पूछताछ हुई तो उसने आरोपी मौसा का नाम बताया। पीड़िता की काउंसलिंग कराई गई। जांच के बाद पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर 26 साल के आरोपी मौसा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता अपनी मौसी के साथ गाजीपुर इलाके में रहती है। किशोरी का परिवार बिहार में रहता है। पांच-छह साल पूर्व मौसी उसे पढ़ाने की बात कर अपने साथ दिल्ली ले आई थी। तभी से वह उनके साथ रह रही थी। पीड़िता के मुताबिक, कुछ माह पूर्व उसके मौसा ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को कुछ भी बताने पर उसे धमकी दी। आरोपी मौका लगते ही वारदात को अंजाम देता था।
इस बीच मंगलवार रात को किशोरी के पेट में तेज दर्द होने लगा। मौसी उसे अस्पताल ले गई। जांच करने पर डॉक्टरों को शक हुआ तो अल्ट्रासाउंड किया गया। अल्ट्रासाउंड से डॉक्टरों का शक यकीन में बदल गया। किशोरी से पूछताछ करने पर उसने सारी बात अपनी मौसी को बता दी। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर आरोपी मौसा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।