दक्षिण-पूर्व जिले के स्पेशल स्टाफ ने हत्या करने जा रहे एक नाबालिग को पकड़ा है। नाबालिग की उम्र मात्र 17 वर्ष है और उसके खिलाफ हत्या के तीन, गैर इरादतन हत्या के प्रयास का एक और लूट के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने नाबालिग के कब्जे से दो देशी कट्टे व दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश कर किग्ज्वे कैंप स्थित सेवा कुटीर में भेज दिया है। दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया के अनुसार जिले के ऑपरेशन सेल एसीपी केपी सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर राजेन्द्र कुमार व एसआई जितेन्द्र मलिक की टीम ने 17 वर्षीय किशोर को मदनगीर से पकड़ा है।
किशोर के पास से दो देशी कट्टे व दो कारतूस बरामद किए गए हैं। रवि गंगवाल गिरोह से ताल्लुक रखने वाला आरोपी नाबालिग का कहना है कि वह अंबेडकर नगर के घोषित बदमाश सन्नी की हत्या करने जा रहा था। सन्नी ने वर्ष 2014 में उसके दोनों पैर तोड़ दिए और उसकी मां की बेइज्जती की थी। वह काफी दिनों से सन्नी की तलाश कर रहा था। आरोपी ने बताया कि कुछ महीने पहले वह हरिद्वार कांवड लेने गया था। इस दौरान वह हरिद्वार से हथियार लेकर आया था।
आरोपी नाबालिग के खिलाफ हत्या के तीन मामले दर्ज हैं। वर्ष 2014 में लूटपाट का विरोध करने पर साकेत इलाके में एक युवक की साथियों के साथ मिलकर चाकू मारकर हत्या कर दी थी। वर्ष 2014 में अंबेडकर नगर इलाके में अमित नाम के युवक की हत्या दी थी।
नाबालिग ने अपने साथियों केसाथ कुछ महीने पहले नेबसराय थाना इलाके से हेमराज नामक युवक का अपहरण कर लिया था। हेमराज केपरिवार से 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई थी। फिरौती नहीं देने पर हेमराज की हत्या कर शव को जला दिया और संगम विहार के जंगल में शव को जमीन में गाड़ दिया था। इसके खिलाफ गैर हरादतन हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज है।