राजधानी के तीन अलग-अलग जगहों पर तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से सात साल के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक टैंपो और कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बबलू (32) सपरिवार समयपुर बादली इलाके में रहता है। उसके पड़ोस में ही उसकी बुआ अलीबा का परिवार रहता है। शुक्रवार दोपहर बबलू अपने घर के बाहर खड़ा था। अलीबा अपने सात साल के बेटे नूरान को सड़क पार करवा रही थी।
इसी दौरान एक तेज रफ्तार टाटा टैंपो ने नूरान को कुचल दिया। नूरान को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक कराला गांव निवासी रामपाल मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टैंपो जब्त कर उसके चालक को इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
उधर, जहांगीरपुरी इलाके में शुक्रवार सुबह पुलिस को ईई ब्लॉक बस स्टेैंड के पास सड़क हादसे की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस को पता चला कि एक कार ने सड़क पार करने के दौरान एक अधेड़ को कुचल दिया है। मृतक की शिनाख्त डी ब्लॉक जहांगीरपुरी निवासी राजपाल (50) के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके से कार जब्त कर चालक गोपालपुर निवासी ऋषिपाल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीसरी घटना महेंद्र पार्क इलाके की है। शुक्रवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक किसी अज्ञात वाहन के चपेट में आकर जख्मी हो गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उसकी उम्र करीब 35 साल है।