खंड के गांव साकरस में बीते माह 27 मई को हुई महिला की हत्या के मामले में फिरोजपुर झिरका पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को उसे अदालत में पेश किया जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भोंडसी स्थित जेल में भेज दिया है। हालांकि इस मामले से जुडे़ अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
गौरतलब है कि फिरोजपुर झिरका खंड के गांव साकरस में बीते माह 27 मई को दहेज लोभियों ने एक विवाहिता की जहर देकर हत्या कर दी थी। महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
शुक्रवार की शाम मामले से जुडे़ मुख्य आरोपी महिला के पति को फिरोजपुर झिरका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हत्या का खुलासा करने के लिए पुलिस ने आरोपी को एक दिन की रिमांड पर लिया था।
जिसके बाद आरोपी पति को पुलिस ने शनिवार की दोपहर अदालत में पेश किया जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले के जांच अधिकारी शीशराम ने बताया कि विवाहिता की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी महिला के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले से जुडे़ अन्य लोगों की तलाश अभी जारी है।