बुलंदशहर से शादी समारोह में आई 12वीं की छात्रा से रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने एक महिला की सहायता से वारदात को अंजाम दिया। इस संबंध में सिहानी गेट थाने में रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दोनों आरोपी फरार हैं।
मामला सिहानी गेट थाना क्षेत्र की एक कालोनी का है, जहां बुधवार रात एक शादी समारोह का आयोजन किया गया था। छात्रा (17) बुलंदशहर से अपनी बहन की ननद की शादी में शामिल होने आई थी।
रात करीब एक बजे जब छात्रा को नींद आने लगी तो उसने एक महिला कृष्णा देवी से कहा कि उसे सोने के लिए बिस्तर चाहिए। इसके बाद कृष्णा छात्रा को लेकर समारोह स्थल से कुछ दूरी पर बने एक मकान में पहुंची और उसे एक कमरे में छोड़ दिया और वहां से चली गई।
आरोप है कि कमरे में पहले से युवक जितेंद्र मौजूद था, जिसने छात्रा के साथ रेप किया। शोर मचाने पर वह वहां से फरार हो गया। छात्रा ने घटना के बारे में परिजनों को बताया।
परिजनों ने बृहस्पतिवार सुबह सिहानी गेट थाने में जितेंद्र और कृष्णा देवी के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट लिखाई है। सिहानी गेट एसएचओ डालचंद का कहना है कि पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।