मोदीनगर से रालोद विधायक सुदेश शर्मा के भांजे डॉक्टर आदित्य भारद्वाज से हुई कार लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिहानी गेट पुलिस ने तीन हाईवे लुटेरों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक हेड कांस्टेबल का बेटा है।
गैंग का सरगना सीए स्टूडेंट भाग निकला। इनके पास से लूटी गई कार, हीरे की अगूंठी व वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की गई है। एसपी सिटी शिव हरि मीणा ने बताया कि मोदीनगर के कृष्णानगर निवासी आदित्य भारद्वाज दिल्ली के स्वामी दयानंद अस्पताल में डॉक्टर हैं।
14 जुलाई की शाम वे घर लौट रहे थे। लघुशंका के लिए उन्होंने एनएच-58 पर राजनगर एक्सटेंशन के पास कार रोकी तभी पीछे से आए कार सवार बदमाशों ने गन प्वाइंट पर उन्हें कार सहित अगवा कर लिया। मारपीट कर हाथ-पैर बांध दिए व हीरे की अंगूठी, पर्स और मोबाइल लूटकर चलती कार से फेंककर भाग गए थे।
वारदात मेरठ परतापुर निवासी हेड कांस्टेबल के बेटे नवनीत, भोजपुर के डीलना निवासी रवींद्र और नीटू ने राजवीर के साथ मिलकर की थी। नवनीत ने दिल्ली से एमजेएमसी की है। उसके पिता बागपत में हेड कांस्टेबल हैं। बड़ा भाई हैदराबाद में पायलट इंजीनियरिंग कर रहा है।
वारदात में प्रयुक्त कार नवनीत की थी। रवींद्र 12वीं पास है, वह नेहरू प्लेस स्थित पॉक लैंड होटल में बाउंसर था, अब वह दूध की गाड़ी चलाता है। 10वीं पास नीटू खेती करता है। राजवीर भाग निकला। वह सीए का छात्र है।
एसएमएस से पहुंची पुलिस लुटेरों तक
एसएचओ ने बताया कि बदमाशों ने लूटे गए मोबाइल से कई एसएमएस किए थे, जिन्हें सर्विलांस से ट्रेस कर पुलिस उन तक पहुंची।
चकाचौंध में थे चारों युवा
बकौल एसपी सिटी राजवीर, रवींद्र व नीटू सभी डीलना गांव के ही हैं। शीघ्र पैसे कमाने का लालच देकर राजवीर ने सभी को लूट के लिए तैयार किया।
ऐसे की थी वारदात
आरोपियों ने बताया कि वे प्रोफेशनल क्रिमिनल नहीं हैं। वारदात की शाम उनकी कार में पेट्रोल खत्म हो गया था। शराब पीने के पैसे भी नहीं थे। राजनगर एक्सटेंशन के पास डॉक्टर को कार से बाहर खड़ा देख राजवीर ने लूट की योजना बनाई।
बदमाशों ने एटीएम का पिन पता करने के दौरान आदित्य से मारपीट की। बाद में जेब में कुछ रुपये मिलने पर कार लूट कर भाग गए थे।
पुलिस ने छुपाई वारदात
वारदात को पुलिस ने दो दिन छुपाए रखा। जब पुलिस लुटेरों तक पहुंच गई, तब इसका खुलासा किया गया। इसके अलावा पीड़ित डॉक्टर भी मीडिया के सामने नहीं आए।