गांव मोहबलीपुर में बुधवार रात एक शराबी पति ने पत्नी पर केरोसिन छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया। बचाव मे आए ससुर से भी मारपीट की। ससुर ने मामले की तहरीर जेवर कोतवाली पुलिस को दी है।
गांव रनहेरा निवासी अजीत सिंह ने अपनी पुत्री रेशमी (23) की शादी चार वर्ष पूर्व गांव मोहबलीपुर निवासी ठीकम के साथ की थी। बुधवार रात ठीकम के ससुर अजीत सिंह अपनी पुत्री रेशमी से मिलने उसके सुसराल मोहबलीपुर आए थे। रात में ठीकम ने शराब के नशे में पत्नी के साथ गाली-गलौच कर मारपीट की।
पत्नी के विरोध करने पर ठीकम ने उसके कपड़ों पर केरोसिन छिड़ककर कर जिंदा जलाने का प्रयास किया। शोर सुनकर पड़ोस के कमरे में सो रहे पिता अजीत सिंह ने अपने दामाद को समझाने का प्रयास किया तो युवक ने उससे भी मारपीट की। इसके बाद रात को ही पिता-पुत्री को घर से भगा दिया। पीड़ित ससुर ने दामाद ठीकम के खिलाफ जेवर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।