शहर में ठक-ठक गिरोह ने लोगों की कार के शीशे तोड़कर पिछले तीन माह में 50 से अधिक लेपटॉप चोरी कर लिए हैं। मगर बड़ी बात यह है कि अभी तक एक भी लेपटॉप पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। बृहस्पतिवार को भी सेक्टर-41 में एटीएम से रुपये निकालने गए व्यक्ति की कार का शीशा तोड़कर लेपटॉप चुरा लिया।
नोएडा सेक्टर-40 निवासी बी कौशिक बृहस्पतिवार शाम को सेक्टर-41 स्थित एटीएम से रुपये निकालने के लिए लाइन में लगे थे और वहां पर करीब 35 मिनट लग गए। जब वह वापस कार के पास आए तो गाड़ी का शीशा टूटा हुआ मिला। जिससे लेपटॉप भी गायब था। इसके अलावा कुछ नकदी और कीमती कागज भी चुरा लिए।
पीड़ित ने सेक्टर-39 कोतवाली में मामले की तहरीर दे दी है। दरअसल, शहर में ठक-ठक गिरोह ने आतंक मचा रखा है। बाजार में खरीदारी करने के लिए जा रहे लोगों को अधिक निशाना बना रहे हैं। इसके अलावा पंचर होने की बात कहकर, विंड स्क्रीन पर अंडा फेंककर या ऑयल डालकर भी यह बदमाश लोगों की कार से लेपटॉप आदि उड़ा रहे हैं।
पिछले तीन माह में 50 से अधिक लेपटॉप चोरी जा चुके हैं लेकिन बड़ी बात यह है कि तीन माह में आज तक एक भी लेपटॉप बरामद किया है और न ही बदमाश गिरफ्तार किया जा सका है।