कैलाभट्ठा में बृहस्पतिवार शाम 7वीं की छात्रा केसाथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया। विरोध करने पर दो युवकों ने छात्रा और उसकी मौसी के साथ मारपीट की। नाराज लोगों ने पहले कैलाभट्ठा में हंगामा किया, फिर नगर कोतवाली का घेराव कर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। वे एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े नेता के भाई बताए जा रहे हैं। दूसरी तरफ, पुलिस इसे मारपीट का मामला बता रही है।
छात्रा के परिजनों की मानें तो छात्रा अपनी मौसी के साथ घर जा रही थी। रास्ते में दो युवक खड़े थे। उन्होंने छात्रा का हाथ पकड़ा और चश्मा उतार लिया। छात्रा और उसकी मौसी ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ मारपीट कर दी।
हंगामा होता देख लोगों का हुजूम लग गया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। इसके बाद भीड़ नगर कोतवाली पहुंची।
एसएचओ धीरेंद्र यादव ने बताया कि युवकों ने छात्रा का चश्मा उतारा था, जिस पर छात्रा की मौसी ने एक युवक के चांटा मार दिया। इस पर युवक ने भी छात्रा की मौसी को थप्पड़ मारा। मारपीट हुई है, छेड़छाड़ नहीं।
क्लीनिक में महिला से छेड़छाड़ की सूचना पर हडकंप
शास्त्रीनगर में एक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। घटना दोपहर की है। कंट्रोल रूम पर एक व्यक्ति द्वारा सूचना दी गई कि उसकी पत्नी से डॉक्टर ने क्लीनिक में छेड़छाड़ की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों का समझौता हो गया है। कविनगर एसएचओ ने बताया कि इस संबंध में एफआईआर नहीं लिखाई है।