मोबाइल बेचने के नाम पर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर से 30 हजार रुपये ठग लिए गए। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लखनऊ निवासी अर्जुन सिंह नोएडा सेक्टर-2 की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वह सेक्टर-36 में रहते हैं।
ओएलएक्स पर रविवार को एक कंपनी का एस-6 मोबाइल पसंद किया था। इसका सौछा 30 हजार रुपये में हुआ था। सोमवार को फोन मालिक ने एक नए नंबर से फोन किया और इंजीनियर को गोल्फ कोर्स चौराहे पर बुलाया। अर्जुन सिंह रुपये लेकर चौराहे पर पहुंच गए।
युवक बाइक से आया और न्यू ब्रांड फोन दिखाया। इंजीनियर ने फोटो से लेकर नेटवर्क तक सिम डालकर भी चलाया। इस बीच इंजीनियर ने युवक को रुपये दिए तो उसने कम बताते हुए मोबाइल का पैकेट वापस ले लिया। इंजीनियर ने रुपये गिने और कहा कि पूरे 30 हजार रुपये हैं।
इसी बीच युवक ने बिना गिने रुपये जेब में रखे और बैग से फिर से मोबाइल का पैकेट निकालकर दे दिया। इसके तुरंत बाद युवक बाइक लेकर फरार हो गया। इंजीनियर ने मोबाइल का डिब्बा खोला तो देखा कि उसमें शीशे का एक पीस मोबाइल के साइज का रखा है और बाकी कूड़ा भरा हुआ था। पीड़ित ने सेक्टर-39 कोतवाली में मामले की शिकायत दी है। गौरतलब है कि नोएडा में इस तरह की एक माह में तीन घटनाएं हो चुकी हैं।
सतर्क होकर खरीदें सोशल साइटस से सामान
दिल्ली एनसीआर में यदि आप सेकेंड हैंडफोन (यूज फोन) खरीदने की सोच रहे हैं तो जरा सावधान हो जाएं। चूंकि नामचीन सोशल साइट्स पर मोबाइल बेचने के नाम पर गिरोह लोगों को ठग रहे हैं। एसपी सिटी दिनेश यादव ने बताया कि सोशल साइट्स से सामान लेते समय सतर्क रहें और जिससे भी कुछ सामान लिया जा रहा है उसकी आईडी और फोटो आदि जरूर लें।