निठारी कांड में फांसी की सजा पाए सुरेंद्र कोली की फांसी को उम्रकैद में तब्दील करने पर सुनवाई कर रहे इलाहाबाद हाईकोर्ट ने फांसी की सजा के अमल पर 23 दिसंबर तक रोक बढ़ा दी है।
इससे पूर्व हाईकोर्ट ने सोमवार एक दिसंबर तक सजा पर रोक लगाई थी। याचिका पर सुनवाई पूरी न होने के कारण इस अवधि को बढ़ा दिया गया। याचिका पर अगली सुनवाई 22 दिसंबर को होगी।
इस दौरान अदालत ने केंद्र और राज्य सरकार सहित सभी पक्षकारों को 12 दिसंबर तक हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया है।
पीपुल्स यूनियन फॉर डेमोक्रेटिक राइट (पीयूडीआर) और सुरेंद्र कोली ने अलग-अलग याचिकाएं दाखिल कर फांसी की सजा को उम्रकैद में तब्दील करने की मांग की है।
संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत अभियुक्तों के अधिकारों और सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाल ही में दया याचिकाओं के निस्तारण को लेकर दिए गए आदेशों के जरिए बहस को बढ़ाया गया।