यमुना विहार स्थित सरकारी स्कूल में मंगलवार को कंपार्टमेंट का रिजल्ट आने के बाद खूब बवाल हुआ। दरअसल, नौवीं और 11वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में ज्यादातर छात्राएं फेल हो गईं थीं। अभिभावकों व छात्राओं ने स्कूल की प्रिंसिपल को घेर लिया और उनके साथ हाथापाई भी की। जान बचाने के लिए जब प्रिंसिपल ने खुद को कमरे में कैद किया तो छात्राओं ने स्कूल में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
प्रिंसिपल के कमरे पर भी पथराव कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ा। बाद में दंगा करने, सरकारी काम में बाधा और मारपीट करने के आरोप में दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। भजनपुरा थाना पुलिस के मुताबिक बवाल यमुना विहार स्थित बी-2 राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय में हुआ। मंगलवार सुबह स्कूल में नौवीं और 11वीं कक्षा का रिजल्ट आया था।
इसमें बड़ी संख्या में छात्राएं फेल हो गई। पता चलते ही अभिभावकों ने स्कूल में हंगामा शुरू कर दिया। स्कूल की प्रिंसिपल कंचन जैन ने अभिभावकों व छात्राओं को समझाने का प्रयास किया तो सभी कंचन से उलझ गए और मारपीट शुरू कर दी। बचने के लिए कंचन ने एक कमरे में खुद को कैद कर लिया।
इधर अभिभावकों व छात्राओं ने स्कूल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। गमले, ब्लैक बोर्ड और फर्नीचर को तोड़ दिया गया। गुस्साए लोगों ने कंचन की कार भी तोड़ दी।मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए दो आरोपियों के बच्चे भी स्कूल में नहीं पढ़ते हैं।
ऐसा लगता है कि अभिभावकों के साथ मिलकर कुछ बाहरी लोगों ने भी हंगामा किया। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। बता दें कि इसी तरह के मामले में करावल नगर में कुछ दिनों पूर्व छात्राओं ने रिजल्ट आने के बाद खूब हंगामा किया था।