नई दिल्ली के पश्चिमी जिले के स्पेशल स्टाफ ने लग्जरी कार में शराब की सप्लाई करने वाले छात्र को गिरफ्तार किया है।
टोयोटा कैमरी कार से शराब के 32 कार्टून बरामद किए गए हैं। ये हरियाणा से दिल्ली लाई जा रही थी। आरोपी छात्र ने कार पर वीआईपी नंबर प्लेट लगा रखी थी।
पश्चिमी जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रणवीर सिंह ने बताया कि स्पेशल स्टाफ प्रभारी सुरेंद्र सिंह राठी की देखरेख में पुलिस टीम ने रोहतक रोड के पास पश्चिमी विहार मेट्रो स्टेशन के पास सोनू जून (25) को गिरफ्तार किया।
सोनू गांव लोवा खुर्द बहादुरगढ़, झज्जर हरियाणा का रहने वाला है। वह सरकारी कॉलेज बल्लोर से बीकॉम (द्वितीय वर्ष) कर रहा है।
सोनू ने बताया कि वह हसनगढ़ से अवैध शराब सप्लाई करने के लिए दिल्ली लाता था। उसे यह शकूरपुर जेजे कॉलोनी में संदीप को देनी होती है। हसनगढ़ में अवैध शराब दिनेश देता है और उसी ने लग्जरी कार मुहैया कराई थी।