विजय विहार थाना इलाके में एक सौतेली मां ने आठ वर्षीय मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए।
दाह संस्कार करने वाले पंडित की सूचना के बाद पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया और आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बिहार निवासी इंदल (35) पत्नी काजल (30) के साथ बुद्ध विहार फेज-एक विजय विहार में रहता है।
दोनों के तीन वर्ष का एक बेटा है। काजल इंदल की दूसरी पत्नी है। दोनों की शादी वर्ष 2006 में हुई थी। इंदल की पहली पत्नी की लगभग आठ वर्ष पहले मौत हो गई थी।
हत्या कर पास बैठकर रोने लगी मां
पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पहली पत्नी से आठ वर्ष का बेटा प्रिंस है। प्रिंस पहले बिहार में अपनी मौसी के पास रहता था। कुछ महीने पहले इंदल प्रिंस को दिल्ली अपने पास ले आया था।
गत्ते का काम करने वाला इंदल इन दिनों बिहार गया हुआ है। इस बीच काजल ने बृहस्पतिवार रात साढ़े दस बजे प्रिंस की गला दबाकर हत्या कर दी और रोने लगी।
पास में रहने वाले देवर लालिफ को उसने बताया कि प्रिंस के पेट में दर्द हुआ था और पीने के लिए पानी मांगा था। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
काजल ने बताया वह प्रिंस से चिढ़ती थी
हत्या
बिहार में इंदल से बातचीत के बाद परिजन शुक्रवार सुबह शव अंतिम संस्कार करने के लिए विजय विहार श्मशान घाट ले गए। वहां पंडित ने प्रिंस के गले में चोट के निशान देखे तो पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर काजल को गिरफ्तार कर लिया।
काजल ने बताया कि वह प्रिंस से चिढ़ती थी। प्रिंस उसके तीन वर्षीय बेटे को मारता-पीटता था। इंदल ने शादी के समय उसे नहीं बताया था कि पहली पत्नी से उसका बेटा भी है।