विश्वविद्यालय के छात्रों को ड्रग सप्लाई करने वाले तस्कर को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दबोचा है। आरोपी की पहचान मलाना, कुल्लू, हिमाचल प्रदेश निवासी रामकिशन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से डेढ़ किलोग्राम ‘मलाना क्रीम’ (चरस) बरामद की है।
पुलिस की मानें तो मलाना क्रीम छात्रों में नशे के लिए बेहद प्रिय है। विदेशी पर्यटक भी इसे खासा पसंद करते हैं। रामकिशन हिमाचल प्रदेश से चरस लाकर गोवा, चंडीगढ़, दिल्ली और नोएडा में सप्लाई करता था। बरामद ड्रग की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रवींद्र यादव ने बताया कि 22 जुलाई को सूचना मिली थी कि कई राज्यों में मलाना क्रीम सप्लाई करने वाला बदमाश रामकिशन दरियागंज इलाके में आने वाला है।
सूचना के बाद घेराबंदी कर पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया। रामकिशन ने बताया कि वह हिमाचल में भोग सिंह और कल्लू से ड्रग लेकर छात्रों व विदेशी पर्यटकों को सप्लाई कर रहा था। छात्र व विदेशी नागरिक ड्रग के मुंह मांगे रुपये देते हैं।