रामेश्वर पार्क कॉलोनी में दिनदहाड़े बदमाशों ने एक मकान में लूट का विरोध करने पर महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। बदमाश मकान से 75 हजार की नगदी और एक लाख रुपये के जेवरात लूटकर ले गए।
वारदात के समय महिला घर में अकेली थी। परिजनों को शाम चार बजे घटना की जानकारी हुई। पीड़ित पक्ष ने थाने पर तहरीर दे दी है।
मूलरूप से मुरादाबाद के रहने वाले जयपाल दस वर्षों से पत्नी मधु 42, पुत्री संध्या 21 तथा पुत्र रोहित 22 के साथ लोनी की रामेश्वर पार्क कॉलोनी में रहते हैं। वह शाहदरा दिल्ली की एक हार्डवेयर की दुकान पर तथा उनका पुत्र ट्रॉनिका सिटी की एक फैक्ट्री में नौकरी करता है।
जयपाल की पुत्री दो सप्ताह से मामा के यहां मुरादाबाद शादी में गई हुई है। बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे जयपाल एवं रोहित अपने-अपने काम पर चले गए। दोपहर के समय मधु घर में अकेली थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाश लूट के इरादे से उनके घर में घुसे और विरोध करने पर मधु की हथियार से गला रेतकर हत्या दी।
बदमाश अलमारी से 75 हजार रुपये एवं करीब एक लाख रुपये के जेवरात लूटकर मकान के पिछले दरवाजे से फरार हो गए। शाम चार बजे पड़ोस में फर्नीचर की फैक्ट्री मालिक अनिल ने एक कारीगर को पानी लेने जयपाल के घर भेजा था।
मगर जब घर का मेन गेट नहीं खुला तो वह पिछले दरवाजे पर पहुंचा। गेट खुला देख वह अंदर दाखिल हुआ तो वहां का मंजर देखकर उसकी चीख निकल गई।