बिसरख कोतवाली क्षेत्र के तिगरी गोल चक्कर के पास 16 नवंबर को भाजपा नेता शिवकुमार यादव, उनके चालक बलीनाथ व गनर रहीसपाल की हत्या के मामले में फरार शातिर आरोपियों पर आईजी मेरठ जोन ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता, एक शूटर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया था लेकिन केस व साजिश में शामिल सुंदर भाटी के भाई सहदेव भाटी, भतीजे अनिल भाटी और अन्य शूटरों को पुलिस अब तक नहीं पकड़ पाई है।
अब सभी फरार आरोपियों पर इनाम बढ़ाकर 25 से 50 हजार कर दिया गया है। भाजपा नेता शिवकुमार यादव समेत तीन हत्याओं का खुलासा पुलिस ने बहलोलपुर गांव निवासी मुख्य साजिशकर्ता अरुण यादव और शूटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर किया था।
shiv kumar death
- फोटो : जेपी शर्मा/अमर उजाला
एसएसपी लव कुमार ने वारदात के खुलासे के दौरान केस और साजिश में शामिल कुख्यात सुंदर भाटी के भतीजे अनिल भाटी, भाई सहदेव भाटी, फरार शूटरों पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
एसटीएफ और पुलिस ने संयुक्त रूप से वारदात का खुलासा किया था लेकिन अब तक फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। खुलासे के दौरान जानकारी दी गई थी कि अरुण यादव ने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए वारदात कराई थी।
वहीं, पीड़ित पक्ष जान को खतरा बताकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। अब, एसएसपी लव कुमार ने बताया कि आईजी मेरठ जोन ने इस केस के फरार आरोपियों पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। इस केस में अन्य आरोपियों के साजिश में शामिल होने की भी पुलिस जांच कर रही है।