वाजिदपुर में सात माह के बच्चे को खिलाने का बहाना बनाकर एक महिला ने उसका अपहरण कर लिया। आरोपी महिला दो दिन पहले ही पीड़ित के पड़ोस में रहने आई थी। घटना 13 जुलाई की है। पीड़ित पिता ने फेज-3 में महिला के खिलाफ बच्चे के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से बलिया निवासी रविंद्र कुमार वर्मा वाजिदपुर में टीटू यादव के मकान में रहते हैं। वह सेक्टर-16 स्थित आईसीआईसीआई बैंक में डाटा एंट्री का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका 7 माह का बच्चा आयुषमान है।
बीती 13 जुलाई को पड़ोस में पप्पू यादव का मकान है। उसी मकान में रहने वाली एक औरत ने उसके सात माह बच्चे को खिलाने के बहाने गोद में लिया। इसके बाद उसे लेकर गायब हो गई। उनकी पत्नी ने औरत को बहुत ढूंढा लेकिन वह नहीं मिली। शाम जब वह बैंक से लौटे तो उन्हें बच्चे के गायब होने का पता चला।
पीड़ित पिता ने बताया कि जब महिला के बारे में मकान मालिक पप्पू से पूछा तो उन्होंने बताया कि उन्हें भी उसके बारे में नहीं पता। जब उन्होंने महिला का कमरा देखा तो वह पूरी तरह से खाली था।
सूचना पर फेज-3 पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने भी मकान मालिक से पूछताछ की लेकिन मकान मालिक ने आरोपी महिला से पहचान के लिए कुछ भी दस्तावेज नहीं लिये थे।
पीड़ित ने बताया कि पुलिस सात दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी महिला को नहीं तलाश पाई है। पीड़ित पिता को डर है कि कहीं महिला ने बच्चे को बेच न दिया हो। बच्चे के अपहरण के बाद से उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
पीड़ित पिता ने बताया कि वह बच्चे को ढूंढकर लाने वाले शख्स को 10 हजार रुपए इनाम में देंगे। क्योंकि 7 दिन गुजर जाने के बाद भी बच्चे का पता नहीं चल पाया है। इसलिए उन्होंने बच्चे को ढूंढकर लाने वाले को इनाम दिए जाने की बात की है।
आरोपी महिला कहां की है। इसका पता लगाया जा रहा है। क्योंकि मकान मालिक पप्पू यादव ने महिला की पहचान वाला कोई भी दस्तावेज उससे नहीं लिया था। फिलहाल पुलिस की एक टीम बच्चे की तलाश में लगी है।- अवनीश दीक्षित, थाना प्रभारी फेज-3