उत्तर प्रदेश के फतेहपुर निवासी एक नाबालिग (17) अपने छोटे भाई के इलाज के लिए पैसे कमाने की चाह में दिल्ली पहुंची लेकिन यहां देह व्यापार में धकेल दी गयी। देह व्यापार के बाद आरोपियों ने उसकी शादी एक अधेड़ से करवा दी।
जिस महिला ने नाबालिग को देह व्यापार में धकेला और जबरदस्ती शादी करवायी, उसी की बेटी ने अपनी जान पर खेलकर नाबालिग को आजाद करवाते हुए अपनी मां समेत उसके साथियों को जेल तक पहुंचाया।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के मुताबिक, एक निजी संस्था के साथ आरोपी महिला की बेटी इस नाबालिग को लेकर आयोग मुख्यालय पहुंची और मदद की गुहार लगायी। आयोग की टीम के साथ नाबालिग मौजपुर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज करवायी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला व उसके साथियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
मां की पोल खोलकर कराया नाबालिग को आजाद
पुलिस
- फोटो : प्रतीकात्मक चित्र
आयोग को नाबालिग ने बताया कि वह नौकरी के लिए दिल्ली पहुंची लेकिन रेलवे स्टेशन पर आरोपी महिला उसे मिली और नौकरी दिलाने के बहाने मौजपुर ले गयी।
वहां उसे जबरदस्ती देह व्यापार करवाया गया। उसके बाद उसे चांदनी चौक में एक अधेड़ से पैसे लेकर शादी कर दी। वहीं, आरोपी महिला की बेटी ने बताया कि उसकी मां लड़कियों से देह व्यापार करवाती है।
इस बात की जानकारी मिलने के बाद वह नाबालिग को बचाने के लिए एक निजी संस्था की मदद से चांदनी चौक पहुंची। यहां से नाबालिग को आजाद करवाकर दिल्ली महिला आयोग पहुंचाया।
आरोपी महिला की बेटी का कहना है कि उसकी मां ने गलत काम किया। इसी के चलते उसने अपनी मां के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाते हुए नाबालिग को आजाद करवाया है।