फरीदाबाद के सेक्टर-16 क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात तीन बदमाशों ने एक किराना व्यापारी की आंखों में मिर्च फेंक कर व्यापारी से 70 हजार रुपये व लैपटॉप लूट लिया।
इस दौरान व्यापारी व कुछ लोगों ने भागते बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाश स्कूटी छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर -16 निवासी ललित गोयल की ओल्ड फरीदाबाद मार्केट में किराने की दुकान है। बृहस्पतिवार की रात 9 बजे ललित अपनी दुकान बंद करके घर पैदल लौट रहे थे। जब वह अपने घर से कुछ दूरी पर पहुंचे तो स्कूटी व बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।
युवकों ने ललित के पास पहुंचते ही उनकी आंखों में मिर्च झोंक दी और उनके हाथ से बैग लूट लिया। इस दौरान ललित बदमाशों से भिड़ गए।
शोर मचाने पर आसपास के भी कुछ लोग आ गए, जिन्होंने स्कूटी सवार युवक को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाश स्कूटी वहीं छोड़कर भाग गया।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके से स्कूटी व एक जोड़ी जूते कब्जे में लिए हैं। पीड़ित के मुताबिक उसके बैग में 70 हजार रुपये नगद व लैपटॉप था।