हरियाणा के मोस्टवांटेड गैंगस्टर संदीप गाड़ौली एनकाउंटर मामले में मुंबई पुलिस की एसआईटी ने मंगलवार रात पुलिस लाइन में छापा मारकर एनकाउंटर टीम के प्रमुख एसआई प्रद्युम्न को गिरफ्तार कर लिया।
सिविल लाइन थाना पुलिस को पूरी जानकारी देने के बाद वह आरोपी एसआई को इंदिरा गांधी एयरपोर्ट ले गई, जहां से वह सुबह की फ्लाइट से मुंबई पहुंची। मुंबई में गैंगस्टर के भाई के वकील तनवीर निजाम ने बताया कि मुंबई पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की रिमांड पर भेज दिया गया।
गुड़गांव पुलिस की टीम ने 7 फरवरी को मुंबई के अंधेरी स्थित एयरपोर्ट मेट्रो होटल में संदीप गाड़ौली का एनकाउंटर किया था। गाड़ौली के परिजनों ने एनकाउंटर टीम के प्रमुख एसआई प्रद्युम्न, उसके चार अन्य साथी पुलिसकर्मियों, गैंगस्टर की प्रेमिका दिव्या पाहूजा, उसकी मां सोनिया पाहुजा, जेल में बंद गैंगस्टर बिंदर गुर्जर के भाई मनोज गुर्जर पर गाड़ौली की हत्या व साजिश रचने का आरोप लगाया। मामले की जांच के लिए मुंबई पुलिस ने एसआईटी का गठन किया था।
आरोपियों की तलाश में कई बार छापेमारी
arrest
- फोटो : demo pic
एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट, पांच पुलिसकर्मियों के खून के नमूने व अन्य रिपोर्ट के आधार पर गुड़गांव पुलिस की टीम में शामिल एसआई प्रद्युम्न, एएसआई परजीत, सिपाही दीपक, विक्रम व एक अन्य पर हत्या का मामला दर्ज किया। साथ मनोज गुर्जर, दिव्या पाहुजा और उसकी मां सोनिया को भी हत्या का आरोपी बनाया।
हत्या का मामला दर्ज होने के बाद गुड़गांव पुलिस ने पहले पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से इस पर स्थगन आदेश ले लिया, जिसे मुंबई पुलिस ने खारिज करवा दिया। मुंबई पुलिस ने सभी आरोपियों की तलाश में कई बार छापेमारी की।
एसआईटी के इंस्पेक्टर रविंदर के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ने मंगलवार रात 7:30 बजे रोजनामचे पर रपट दर्ज कराने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस के साथ पुलिस लाइन में एसआई प्रद्युम्न के आवास पर छापा मारा, जहां एसआई मौजूद मिला। मुंबई पुलिस उसे लेकर 8:30 बजे सिविल लाइन थाना लेकर पहुंची, जहां एसआई की गिरफ्तारी दर्ज करवाने के बाद मुंबई पुलिस उसे एयरपोर्ट ले गई।